रासायनिक अभिक्रिया एवं समीकरण : कक्षा 10 विज्ञान अध्याय 1
📘 परिचय – रासायनिक अभिक्रिया एवं समीकरण कक्षा 10 विज्ञान का एक अत्यंत महत्वपूर्ण अध्याय है। इस अध्याय में हम यह समझते हैं कि जब एक या अधिक पदार्थ आपस में अभिक्रिया करके नए गुणों वाले पदार्थ बनाते हैं, तो उसे रासायनिक अभिक्रिया (Chemical Reaction) कहते हैं। इन अभिक्रियाओं को संक्षिप्त एवं वैज्ञानिक रूप से प्रदर्शित करने के लिए रासायनिक समीकरण (Chemical Equation) का उपयोग किया जाता है।
हम अपने दैनिक जीवन में अनेक रासायनिक अभिक्रियाएँ देखते हैं। उदाहरण के लिए—
- लोहे पर जंग लगना।
- भोजन का पकना।
- दूध का दही में बदलना।
- मोमबत्ती का जलना।
- तेल और वसा का विकृतगंधित (Rancid) होना।
- पौधों में प्रकाश संश्लेषण।
इन सभी प्रक्रियाओं में नए पदार्थ बनते हैं, इसलिए ये रासायनिक अभिक्रियाओं के उदाहरण हैं।
इस अध्याय में आप सीखेंगे कि रासायनिक अभिक्रियाओं को संतुलित रासायनिक समीकरण के रूप में कैसे लिखा जाता है, अभिक्रिया होने के क्या-क्या संकेत होते हैं तथा विभिन्न प्रकार की रासायनिक अभिक्रियाओं—संयोजन, अपघटन, विस्थापन, द्विविस्थापन, ऑक्सीकरण, अपचयन और रेडॉक्स अभिक्रिया—को कैसे पहचाना जाता है।
🧪 रासायनिक अभिक्रिया (Chemical Reaction)
ऐसी प्रक्रिया जिसमें एक या एक से अधिक पदार्थ मिलकर नए पदार्थ बनाते हैं और उनके गुण बदल जाते हैं, तो उसे रासायनिक अभिक्रिया (Chemical Reaction) कहते हैं।
👉 उदाहरण: मैग्नीशियम को जलाने पर मैग्नीशियम ऑक्साइड बनता है।
2Mg + O₂ → 2MgO
📝 रासायनिक समीकरण (Chemical Equation)
किसी रासायनिक अभिक्रिया को रासायनिक सूत्रों और संकेतों की सहायता से लिखना रासायनिक समीकरण (Chemical Equation) कहलाता है।
इसके माध्यम से हम शब्द समीकरण अथवा किसी रासायनिक प्रक्रिया को समीकरण के रूप मेंं प्रदर्शित कर सकते हैं ।
👉 उदाहरण:
रासायनिक अभिक्रिया –> मैग्नीशियम को जलाने पर मैग्नीशियम ऑक्साइड बनता है।
शब्द समीकरण –-> मैग्नीशियम + ऑक्सीजन → मैग्नीशियम ऑक्साइड
रासायनिक समीकरण--> 2Mg + O₂ → 2MgO
➡️ इसमें मैग्नीशियम और ऑक्सीजन मिलकर मैग्नीशियम ऑक्साइड बनाते हैं।
✨ रासायनिक अभिक्रिया होने के संकेत
इनमें से कोई भी बदलाव दिखाई दे तो समझिए रासायनिक अभिक्रिया हुई है—
✅ अवस्था में परिवर्तन (Change in State)
✅ रंग में परिवर्तन (Change in Colour)
✅ गैस का निकलना (Evolution of Gas)
✅ तापमान में परिवर्तन (Change in Temperature)
✅ अवक्षेप बनना (Formation of Precipitate)
🔸 1. अवस्था में परिवर्तन (Change in State)
2H₂(g) + O₂(g) → 2H₂O(l)
👉 गैस द्रव में बदल जाती है।
🔸 2. रंग में परिवर्तन (Change in Colour)
Fe(s) + CuSO₄(aq) → FeSO₄(aq) + Cu(s)
👉 नीला घोल ( CuSO₄(aq) ) , हरा ( FeSO₄(aq) ) हो जाता है।
🔸 3. गैस का निकलना (Evolution of Gas)
Zn(s) + 2HCl(aq) → ZnCl₂(aq) + H₂(g)aq
👉 हाइड्रोजन (H₂ ) गैस बुलबुलों के रूप में निकलती है।
🔸 4. तापमान में परिवर्तन (Change in Temperature)
CaO(s) + H₂O(l) → Ca(OH)₂(aq) + Heat
👉 तापमान बढ़ जाता है।
🔸 5. अवक्षेप बनना (Formation of Precipitate)
Pb(NO₃)₂(aq) + 2KI(aq) → PbI₂(s) + 2KNO₃(aq)
👉 पीले रंग का ठोस अवक्षेप [ PbI₂(s) ] बनता है।
🧪 रासायनिक संकेतों का अर्थ
🔹 (s) = ठोस अवस्था (Solid)
👉 जैसे: Fe(s) = लोहा ठोस अवस्था में
🔹 (l) = द्रव अवस्था (Liquid)
👉 जैसे: H₂O(l) = पानी द्रव अवस्था में
🔹 (g) = गैस अवस्था (Gas)
👉 जैसे: O₂(g) = ऑक्सीजन गैस अवस्था में
🔹 (aq) = जलीय विलयन (Aqueous Solution)
👉 इसका मतलब पदार्थ पानी में घुला हुआ है।
👉 जैसे: CuSO₄(aq) = कॉपर सल्फेट पानी में घुला हुआ
✍️ रासायनिक अभिक्रिया कैसे लिखें? (How to Write a Chemical Reaction)
✅ चरण 1
अभिकारक (Reactants) को बाईं ओर लिखते हैं।
✅ चरण 2
उत्पाद (Products) को दाईं ओर लिखते हैं।
✅ चरण 3
बीच में तीर लगाते हैं—
➡️ इसका (तीर का ) अर्थ है: देता है / बनाता है / उत्पन्न करता है
उदाहरण
मैग्नीशियम + ऑक्सीजन → मैग्नीशियम ऑक्साइड
2Mg + O₂ → 2MgO
⚖️ संतुलित रासायनिक समीकरण (Balanced Chemical Equation)
जिस रासायनिक समीकरण में दोनों ओर प्रत्येक तत्व के परमाणुओं की संख्या बराबर हो, उसे संतुलित रासायनिक समीकरण (Balanced Chemical Equation) कहते हैं।
मुख्य बिंदु
✅ बाईं ओर कुल परमाणु = दाईं ओर कुल परमाणु
✅ यह द्रव्यमान संरक्षण के नियम (Law of Conservation of Mass) का पालन करती है।
नोट –द्रव्यमान संरक्षण का नियम (Law of Conservation of Mass)
“किसी भी रासायनिक अभिक्रिया (Chemical Reaction) में द्रव्यमान न तो उत्पन्न किया जा सकता है और न ही नष्ट किया जा सकता है। यह केवल एक रूप से दूसरे रूप में परिवर्तित होता है।”
👉 आसान शब्दों में:
रासायनिक अभिक्रिया में अभिकारकों (Reactants) का कुल द्रव्यमान हमेशा उत्पादों (Products) के कुल द्रव्यमान के बराबर होता है।
✅ अभिकारकों का कुल द्रव्यमान = उत्पादों का कुल द्रव्यमान
🎯 हिट एंड ट्रायल विधि (Hit and Trial Method)
समीकरण को संतुलित करने के लिए अलग-अलग संख्या लगाकर प्रयास करना हिट एंड ट्रायल विधि (Hit and Trial Method) कहलाता है।
उदाहरण
असंतुलित समीकरण –> Fe + H₂O → Fe₃O₄ + H₂
संतुलित करना
चरण 1 – आयरन संतुलित करें
3Fe + H₂O → Fe₃O₄ + H₂
चरण 2 – ऑक्सीजन संतुलित करें
3Fe + 4H₂O → Fe₃O₄ + H₂
चरण 3 – हाइड्रोजन संतुलित करें
3Fe + 4H₂O → Fe₃O₄ + 4H₂
✅ अब समीकरण संतुलित है।
📚 अन्य उदाहरण
नोट – समीकरण को संतुलित करने की ट्रिक – निम्न क्रम में तत्वों को संतुलित करें – C , H , O, N और इसके बाद अन्य तत्व
💧 जल का निर्माण (Formation of Water)
2H₂ + O₂ → 2H₂O
🔥 मैग्नीशियम का दहन (Burning of Magnesium)
2Mg + O₂ → 2MgO
🔥 मीथेन का दहन (Combustion of Methane)
CH₄ + 2O₂ → CO₂ + 2H₂O
नीचे दी गई रासायनिक समीकरण को स्वयं संतुलित करने का प्रयास करें ।
⚗️ पोटैशियम क्लोरेट का अपघटन (Decomposition of Potassium Chlorate)
KClO₃ → KCl + O₂
🧪 जिंक और हाइड्रोक्लोरिक अम्ल की अभिक्रिया
Zn + HCl → ZnCl₂ + H₂
रासायनिक अभिक्रियाओं के प्रकार
🔹 1. संयोजन अभिक्रिया (Combination Reaction)
जब दो या दो से अधिक पदार्थ मिलकर एकल नये उत्पाद का निर्माण करते हैं, तो उसे संयोजन अभिक्रिया कहते हैं।
👉 आसान शब्दों में:
दो या अधिक पदार्थ मिलकर एक ही उत्पाद बनाते हैं।
सामान्य रूप
A + B → AB
उदाहरण
CaO (कैल्शियम ऑक्साइड / क्विक लाइम) + H₂O (जल) → Ca(OH)₂ (कैल्शियम हाइड्रॉक्साइड / बुझा हुआ चूना) + Heat
अन्य उदाहरण
✅ 2Mg (मैग्नीशियम) + O₂ (ऑक्सीजन) → 2MgO (मैग्नीशियम ऑक्साइड)
✅ C (कार्बन / कोयला) + O₂ (ऑक्सीजन) → CO₂ (कार्बन डाइऑक्साइड)
✅ 2H₂ (हाइड्रोजन) + O₂ (ऑक्सीजन) → 2H₂O (जल)
🔥 2. ऊष्माक्षेपी अभिक्रिया (Exothermic Reaction)
जिस रासायनिक अभिक्रिया में ऊष्मा निकलती है, उसे ऊष्माक्षेपी अभिक्रिया कहते हैं।
👉 आसपास का तापमान बढ़ जाता है।
उदाहरण
✅ C₆H₁₂O₆ (ग्लूकोज) + 6O₂ (ऑक्सीजन) → 6CO₂ (कार्बन डाइऑक्साइड) + 6H₂O (जल) + ऊर्जा
✅ CH₄ (मीथेन) + 2O₂ (ऑक्सीजन) → CO₂ (कार्बन डाइऑक्साइड) + 2H₂O (जल) + Heat
अन्य उदाहरण
✅ CaO (कैल्शियम ऑक्साइड) + H₂O (जल) → Ca(OH)₂ (कैल्शियम हाइड्रॉक्साइड) + Heat
✅ HCl (हाइड्रोक्लोरिक अम्ल) + NaOH (सोडियम हाइड्रॉक्साइड) → NaCl (सोडियम क्लोराइड) + H₂O (जल) + Heat
थर्माइट अभिक्रिया ⇓
Fe₂O₃ (आयरन ऑक्साइड) + 2Al (एल्युमिनियम) → Al₂O₃ (एल्युमिनियम ऑक्साइड) + 2Fe (लोहा) + Heat
उपयोग
✔️ रेलवे पटरियों की वेल्डिंग
✔️ भारी लोहे के भागों की मरम्मत
⚗️ 3. अपघटन अथवा वियोजन अभिक्रिया (Decomposition Reaction)
परिभाषा (Definition):
जब एक यौगिक (Compound) टूटकर दो या दो से अधिक सरल पदार्थों में बदल जाता है, तो उसे अपघटन अथवा वियोजन अभिक्रिया (Decomposition Reaction) कहते हैं।
सामान्य रूप
AB → A + B
अपघटन अभिक्रिया के प्रकार
☀️ अ. तापीय अपघटन (Thermal Decomposition)
परिभाषा (Definition):
जिस अपघटन अभिक्रिया में किसी यौगिक को तोड़ने के लिए ऊष्मा (Heat) की आवश्यकता होती है, उसे तापीय अपघटन (Thermal Decomposition) कहते हैं।
उदाहरण
CaCO₃ (कैल्शियम कार्बोनेट) → CaO (कैल्शियम ऑक्साइड) + CO₂ (कार्बन डाइऑक्साइड)
⚡ ब. विद्युत अपघटन (Electrolytic Decomposition)
परिभाषा (Definition):
जिस अपघटन अभिक्रिया में किसी यौगिक को तोड़ने के लिए विद्युत (Electricity) की आवश्यकता होती है, उसे विद्युत अपघटन (Electrolytic Decomposition) कहते हैं।
उदाहरण
2H₂O (जल) → 2H₂ (हाइड्रोजन) + O₂ (ऑक्सीजन)
🌞 स. प्रकाशीय अपघटन (Photochemical Decomposition)
परिभाषा (Definition):
जिस अपघटन अभिक्रिया में किसी यौगिक को तोड़ने के लिए सूर्य का प्रकाश (Sunlight) आवश्यक होता है, उसे प्रकाशीय अपघटन (Photochemical Decomposition) कहते हैं।
उदाहरण
2AgCl (सिल्वर क्लोराइड) → 2Ag (सिल्वर) + Cl₂ (क्लोरीन)
📌 नोट: ब्लैक एंड व्हाइट फोटोग्राफी में AgBr (सिल्वर ब्रोमाइड) प्रयोग किया जाता है।
2AgBr (सिल्वर ब्रोमाइड) → 2Ag (सिल्वर) + Br₂ (ब्रोमीन)
👉 यह अभिक्रिया प्रकाश पड़ने पर होती है और इसी से फोटो बनती है।
❄️ 4. ऊष्माशोषी अभिक्रिया (Endothermic Reaction)
जिस अभिक्रिया में ऊष्मा अवशोषित होती है, उसे ऊष्माशोषी अभिक्रिया कहते हैं।
उदाहरण
✅ CaCO₃ (कैल्शियम कार्बोनेट) + Heat → CaO (कैल्शियम ऑक्साइड) + CO₂ (कार्बन डाइऑक्साइड)
✅ 2Pb(NO₃)₂ (लेड नाइट्रेट) + Heat → 2PbO (लेड ऑक्साइड) + 4NO₂ (नाइट्रोजन डाइऑक्साइड) + O₂ (ऑक्सीजन)
✅ 2FeSO₄ (फेरस सल्फेट) + Heat → Fe₂O₃ (आयरन ऑक्साइड) + SO₂ (सल्फर डाइऑक्साइड) + SO₃ (सल्फर ट्राइऑक्साइड)
🔄 विस्थापन अभिक्रिया (Displacement Reaction)
परिभाषा (Definition):
जब किसी रासायनिक अभिक्रिया में अधिक क्रियाशील तत्व (More Reactive Element) किसी कम क्रियाशील तत्व (Less Reactive Element) को उसके यौगिक से हटाकर स्वयं उसका स्थान ले लेता है, तो उसे विस्थापन अभिक्रिया (Displacement Reaction) कहते हैं।
👉 आसान शब्दों में:
ज्यादा क्रियाशील तत्व, कम क्रियाशील तत्व को उसके यौगिक से बाहर निकाल देता है।
सामान्य रूप
A + BC → AC + B
उदाहरण
चित्र – विस्थापन अभिक्रिया का आरेख
✅ Fe (लोहा) + CuSO₄ (कॉपर सल्फेट) → FeSO₄ (फेरस सल्फेट) + Cu (तांबा)
✅ Zn (जिंक) + CuSO₄ (कॉपर सल्फेट) → ZnSO₄ (जिंक सल्फेट) + Cu (तांबा)
✅ Cu (तांबा) + FeSO₄ (फेरस सल्फेट) → कोई अभिक्रिया नहीं
✅ Cl₂ (क्लोरीन) + 2KBr (पोटैशियम ब्रोमाइड) → 2KCl (पोटैशियम क्लोराइड) + Br₂ (ब्रोमीन)
✅ Cl₂ (क्लोरीन) + 2KI (पोटैशियम आयोडाइड) → 2KCl (पोटैशियम क्लोराइड) + I₂ (आयोडीन)
✅ Pb (लेड) + CuCl₂ (कॉपर क्लोराइड) → PbCl₂ (लेड क्लोराइड) + Cu (तांबा)
🔁 6. द्वि-विस्थापन अभिक्रिया (Double Displacement Reaction)
परिभाषा (Definition):
जब दो यौगिक आपस में अपने आयनों का आदान-प्रदान करके दो नए यौगिक बनाते हैं, तो उसे द्वि-विस्थापन अभिक्रिया (Double Displacement Reaction) कहते हैं।
सामान्य रूप
AB + CD → AD + CB
इसके प्रकार
🟡 1. अवक्षेपण अभिक्रिया (Precipitation Reaction)
परिभाषा (Definition):
जब दो जलीय विलयन (Aqueous Solutions) आपस में अभिक्रिया करके कोई अघुलनशील ठोस पदार्थ (Insoluble Solid) बनाते हैं, तो उसे अवक्षेपण अभिक्रिया (Precipitation Reaction) कहते हैं।
उदाहरण
AgNO₃ (सिल्वर नाइट्रेट) + NaCl (सोडियम क्लोराइड) → AgCl (सिल्वर क्लोराइड)↓ + NaNO₃ (सोडियम नाइट्रेट)
Pb(NO₃)₂ (लेड नाइट्रेट) + 2KI (पोटैशियम आयोडाइड) → PbI₂ (लेड आयोडाइड)↓ + 2KNO₃ (पोटैशियम नाइट्रेट)
📌 AgCl (सिल्वर क्लोराइड) = सफेद रंग का अवक्षेप
📌 PbI₂ (लेड आयोडाइड) = पीले रंग का अवक्षेप
💧 2. उदासीनीकरण अभिक्रिया (Neutralization Reaction)
परिभाषा (Definition):
जब कोई अम्ल (Acid) और क्षार (Base) आपस में अभिक्रिया करके लवण (Salt) और जल (Water) बनाते हैं, तो उसे उदासीनीकरण अभिक्रिया (Neutralization Reaction) कहते हैं।
उदाहरण
HCl (हाइड्रोक्लोरिक अम्ल) + NaOH (सोडियम हाइड्रॉक्साइड) → NaCl (सोडियम क्लोराइड) + H₂O (जल)
👉 यहाँ हाइड्रोक्लोरिक अम्ल और सोडियम हाइड्रॉक्साइड मिलकर सोडियम क्लोराइड और जल बनाते हैं।
ऑक्सीकरण एवं अपचयन
🔥 ऑक्सीकरण (Oxidation)
परिभाषा (Definition):
जिस रासायनिक अभिक्रिया में—
✅ ऑक्सीजन जुड़ती है (Addition of Oxygen)
✅ हाइड्रोजन हटती है (Removal of Hydrogen)
✅ इलेक्ट्रॉनों का त्याग होता है (Loss of Electrons)
उसे ऑक्सीकरण (Oxidation) कहते हैं।
❄️ अपचयन (Reduction)
परिभाषा (Definition):
जिस रासायनिक अभिक्रिया में—
✅ ऑक्सीजन हटती है (Removal of Oxygen)
✅ हाइड्रोजन जुड़ती है (Addition of Hydrogen)
✅ इलेक्ट्रॉनों की प्राप्ति होती है (Gain of Electrons)
उसे अपचयन (Reduction) कहते हैं।
📘 ऑक्सीकरण और अपचयन में अंतर
| S.NO. | ऑक्सीकरण (Oxidation) | अपचयन (Reduction) |
|---|---|---|
| 1 | ✔️ ऑक्सीजन का जुड़ना | ✔️ ऑक्सीजन का हटना |
| 2 | ✔️ हाइड्रोजन का हटना | ✔️ हाइड्रोजन का जुड़ना |
| 3 | ✔️ इलेक्ट्रॉनों का त्याग | ✔️ इलेक्ट्रॉनों की प्राप्ति |
| 4 | ✔️ ऑक्सीकरण संख्या बढ़ना | ✔️ ऑक्सीकरण संख्या घटना |
उदाहरण
👉ऑक्सीकरण
Cu (तांबा) + O₂ (ऑक्सीजन) → CuO (कॉपर ऑक्साइड)
तांबे में ऑक्सीजन जुड़ी → ऑक्सीकरण
👉अपचयन
CuO (कॉपर ऑक्साइड) + H₂ (हाइड्रोजन) → Cu (तांबा) + H₂O (जल)
CuO से ऑक्सीजन हट गई → अपचयन
🔄 रेडॉक्स अभिक्रिया (Redox Reaction)
परिभाषा (Definition):
जिस रासायनिक अभिक्रिया में ऑक्सीकरण और अपचयन दोनों एक साथ होते हैं, उसे रेडॉक्स अभिक्रिया (Redox Reaction) कहते हैं।
उदाहरण
CuO (कॉपर ऑक्साइड) + H₂ (हाइड्रोजन) → Cu (तांबा) + H₂O (जल)
👉 ऑक्सीकरण: H₂ → H₂O
👉 अपचयन: CuO → Cu
चित्र – रेडॉक्स अभिक्रिया का आरेख
अन्य उदाहरण
✅ ZnO (जिंक ऑक्साइड) + C (कार्बन) → Zn (जिंक) + CO (कार्बन मोनोऑक्साइड)
✅ MnO₂ (मैंगनीज डाइऑक्साइड) + 4HCl (हाइड्रोक्लोरिक अम्ल) → MnCl₂ (मैंगनीज क्लोराइड) + 2H₂O (जल) + Cl₂ (क्लोरीन)
⚖️ 4. ऑक्सीकरण संख्या (Oxidation Number)
परिभाषा (Definition):
किसी यौगिक या आयन में किसी परमाणु पर उपस्थित आवेश को ऑक्सीकरण संख्या (Oxidation Number) कहते हैं।
मुख्य बिंदु
✅ ऑक्सीकरण संख्या बढ़ना → ऑक्सीकरण
✅ ऑक्सीकरण संख्या घटना → अपचयन
उदाहरण
CuO (कॉपर ऑक्साइड) में
👉 Cu की ऑक्सीकरण संख्या = +2
👉 O की ऑक्सीकरण संख्या = –2
🟢 5. अपचायक (Reducing Agent)
परिभाषा (Definition):
वह पदार्थ जो किसी दूसरे पदार्थ का अपचयन (Reduction) कराता है, अपचायक (Reducing Agent) कहलाता है।
👉 यह स्वयं ऑक्सीकृत (उपचयित) हो जाता है।
👉 यह दूसरे पदार्थ से ऑक्सीजन हटाता है या हाइड्रोजन जोड़ता है।
उदाहरण
CuO (कॉपर ऑक्साइड) + H₂ (हाइड्रोजन) → Cu (तांबा) + H₂O (जल)
👉 H₂ अपचायक है, क्योंकि यह CuO को Cu में बदलता है।
🔴 6. ऑक्सीकारक (Oxidising Agent)
परिभाषा (Definition):
वह पदार्थ जो किसी दूसरे पदार्थ का ऑक्सीकरण (Oxidation) कराता है, ऑक्सीकारक (Oxidising Agent) कहलाता है।
👉 यह स्वयं अपचयित हो जाता है।
👉 यह दूसरे पदार्थ में ऑक्सीजन जोड़ता है या हाइड्रोजन हटाता है।
उदाहरण
CuO (कॉपर ऑक्साइड) + H₂ (हाइड्रोजन) → Cu (तांबा) + H₂O (जल)
👉 CuO ऑक्सीकारक है, क्योंकि यह H₂ को H₂O में बदलता है।
🛠️ संक्षारण (Corrosion)
परिभाषा (Definition):
जब कोई धातु (Metal) वायु, नमी या वातावरण में मौजूद अन्य पदार्थों के संपर्क में आकर धीरे-धीरे खराब होने लगती है, तो उसे संक्षारण (Corrosion) कहते हैं।
👉 इसमें धातु की सतह पर सामान्यतः ऑक्साइड (Oxides), सल्फाइड (Sulphides) या कार्बोनेट (Carbonates) आदि की परत बन जाती है।
उदाहरण – 🔩 लोहे में जंग लगना (Rusting of Iron)
चित्र – लोहे पर जंग लगने का आरेख
परिभाषा (Definition):
जब लोहा (Iron) हवा में मौजूद ऑक्सीजन (Oxygen) और नमी (Moisture) के संपर्क में आकर धीरे-धीरे खराब होने लगता है और उसकी सतह पर भूरे रंग की परत बन जाती है, तो इसे लोहे में जंग लगना (Rusting of Iron) कहते हैं।
लोहे में जंग लगने का रासायनिक समीकरण
लोहा + ऑक्सीजन + नमी → जंग (हाइड्रेटेड आयरन ऑक्साइड)
4Fe + 3O₂ + xH₂O → 2Fe₂O₃·xH₂O
👉 यह संक्षारण का सबसे सामान्य उदाहरण है।
✨ संक्षारण के अन्य उदाहरण
1️⃣ चांदी पर काली परत (Black Coating on Silver)
Ag (चांदी) हवा में मौजूद सल्फर यौगिकों से अभिक्रिया करके Ag₂S (सिल्वर सल्फाइड) बनाती है।
👉 इससे चांदी काली पड़ जाती है।
2️⃣ तांबे पर हरी परत (Green Coating on Copper)
Cu (तांबा) नमी और CO₂ (कार्बन डाइऑक्साइड) से अभिक्रिया करके Basic Copper Carbonate बनाता है।
👉 इससे तांबे पर हरी परत बन जाती है।
3️⃣ पीतल की चमक कम होना (Tarnishing of Brass)
Brass (पीतल) हवा और नमी के संपर्क में आने पर अपनी चमक खो देता है।
Note – पीतल (Brass), तांबा (Copper) और जस्ता (Zinc) से बनी एक मिश्रधातु (Alloy) है।
👉 सामान्य तौर पर:
70% तांबा (Cu) + 30% जस्ता (Zn) = पीतल (Brass)
4️⃣ एल्युमिनियम का संक्षारण (Corrosion of Aluminium)
Aluminium (एल्युमिनियम) हवा के संपर्क में आकर अपनी सतह पर Al₂O₃ (एल्युमिनियम ऑक्साइड) की पतली परत बना लेता है।
👉 यह परत अंदर की धातु को सुरक्षित रखती है।
📌 संक्षारण के महत्वपूर्ण बिंदु
✅ संक्षारण धातुओं को कमजोर बनाता है।
✅ इससे पुल, वाहन, पाइप और मशीनों को नुकसान होता है।
✅ नम हवा संक्षारण की गति बढ़ा देती है।
🛡️ संक्षारण से बचाव के उपाय
🎨 Painting (रंग करना)
🛢️ Oiling or Greasing (तेल या ग्रीस लगाना)
⚙️ Galvanization (जस्ता चढ़ाना)
🔩 Alloying (मिश्रधातु बनाना)
✨ Electroplating (विद्युत लेपन)
🥫 विकृतगंधिता (Rancidity)
परिभाषा (Definition):
जब तेल और वसा (Oils and Fats) से बने पदार्थ हवा के संपर्क में आते हैं तो ऑक्सीकृत (Oxidise) हो जाते हैं और भोजन में खराब गंध तथा स्वाद आने लगता है, इस प्रक्रिया को विकृतगंधिता (Rancidity) कहते हैं।
👉 इससे भोजन खाने योग्य नहीं रहता।
चित्र – विकृतगंधिता (Rancidity) का आरेख
🍟 उदाहरण (Example)
जब ✅ मक्खन (Butter) ✅ चिप्स (Chips) ✅ तले हुए खाद्य पदार्थ (Fried Food) आदि को यदि लंबे समय तक खुला छोड़ दिया जाए, तो उनमें बदबू आने लगती है और स्वाद खराब हो जाता है।
👉 इसका मुख्य कारण विकृतगंधिता (Rancidity) है।
🛡️ विकृतगंधिता से बचाव के उपाय (Prevention of Rancidity)
📦 हवा बंद डिब्बों (Airtight Containers) में भोजन रखना
❄️ भोजन को रेफ्रिजरेटर (Refrigerator) में रखना
🧪 प्रतिऑक्सीकारक (Antioxidants) मिलाना
🌬️ खाद्य पदार्थों की पैकिंग नाइट्रोजन गैस (Nitrogen Gas) से करना
📌 महत्वपूर्ण बिंदु
✅ तेल और वसा के ऑक्सीकरण से विकृतगंधिता होती है।
✅ इससे भोजन का स्वाद और गंध बदल जाते हैं।
✅ नाइट्रोजन गैस भोजन को लंबे समय तक सुरक्षित रखती है।
✅ महत्वपूर्ण तथ्य (रासायनिक अभिक्रिया एवं समीकरण)
- रासायनिक अभिक्रिया में अभिकारकों (Reactants) से नए गुणों वाले उत्पाद (Products) बनते हैं।
- रासायनिक समीकरण को द्रव्यमान संरक्षण के नियम के अनुसार संतुलित करना आवश्यक होता है।
- संतुलित रासायनिक समीकरण में दोनों ओर प्रत्येक तत्व के परमाणुओं की संख्या समान होती है।
- रासायनिक अभिक्रिया के प्रमुख संकेत रंग परिवर्तन, गैस का निकलना, अवक्षेप बनना तथा तापमान में परिवर्तन हैं।
- संयोजन अभिक्रिया में दो या अधिक पदार्थ मिलकर एक नया पदार्थ बनाते हैं।
- अपघटन अभिक्रिया में एक यौगिक टूटकर दो या अधिक सरल पदार्थों में बदल जाता है।
- विस्थापन अभिक्रिया में अधिक अभिक्रियाशील तत्व कम अभिक्रियाशील तत्व को उसके यौगिक से विस्थापित कर देता है।
- द्विविस्थापन अभिक्रिया में दो यौगिक अपने आयनों का आदान-प्रदान करते हैं।
- ऑक्सीकरण में ऑक्सीजन का जुड़ना या हाइड्रोजन का हटना होता है।
- अपचयन में ऑक्सीजन का हटना या हाइड्रोजन का जुड़ना होता है।
- रेडॉक्स अभिक्रिया में ऑक्सीकरण और अपचयन दोनों एक साथ होते हैं।
- लोहे पर जंग केवल ऑक्सीजन और नमी दोनों की उपस्थिति में लगती है।
- विकृतगंधिता (Rancidity) तेल और वसा के ऑक्सीकरण के कारण होती है।
- एंटीऑक्सीडेंट तथा वायुरुद्ध (Air-tight) पैकिंग खाद्य पदार्थों को विकृतगंधिता से बचाने में सहायक होते हैं।
- रासायनिक अभिक्रियाओं को समझने के लिए रासायनिक समीकरणों को संतुलित करना सबसे महत्वपूर्ण कौशल है।
❓CBSE बोर्ड परीक्षा आधारित FAQs (PYQ Pattern)
1. रासायनिक अभिक्रिया किसे कहते हैं?
उत्तर: वह प्रक्रिया जिसमें एक या अधिक पदार्थ अभिक्रिया करके नए गुणों वाले पदार्थ बनाते हैं, रासायनिक अभिक्रिया कहलाती है।
2. रासायनिक समीकरण को संतुलित करना क्यों आवश्यक है?
उत्तर: क्योंकि यह द्रव्यमान संरक्षण के नियम का पालन करता है तथा दोनों ओर प्रत्येक तत्व के परमाणुओं की संख्या समान रखता है।
3. रासायनिक अभिक्रिया होने के कोई चार संकेत लिखिए।
उत्तर:
- रंग में परिवर्तन
- गैस का निकलना
- अवक्षेप का बनना
- तापमान में परिवर्तन
4. संयोजन अभिक्रिया तथा अपघटन अभिक्रिया में क्या अंतर है?
उत्तर: संयोजन अभिक्रिया में कई पदार्थ मिलकर एक उत्पाद बनाते हैं, जबकि अपघटन अभिक्रिया में एक यौगिक टूटकर दो या अधिक पदार्थ बनाता है।
5. विस्थापन अभिक्रिया किसे कहते हैं? उदाहरण सहित समझाइए।
उत्तर: ऐसी अभिक्रिया जिसमें अधिक अभिक्रियाशील तत्व कम अभिक्रियाशील तत्व को उसके यौगिक से विस्थापित कर देता है। उदाहरण: Fe + CuSO₄ → FeSO₄ + Cu।
6. ऑक्सीकरण तथा अपचयन में क्या अंतर है?
उत्तर: ऑक्सीकरण में ऑक्सीजन का जुड़ना या हाइड्रोजन का हटना होता है, जबकि अपचयन में ऑक्सीजन का हटना या हाइड्रोजन का जुड़ना होता है।
7. रेडॉक्स अभिक्रिया किसे कहते हैं? उदाहरण दीजिए।
उत्तर: वह अभिक्रिया जिसमें ऑक्सीकरण तथा अपचयन दोनों एक साथ होते हैं, रेडॉक्स अभिक्रिया कहलाती है। उदाहरण: CuO + H₂ → Cu + H₂O।
8. लोहे पर जंग लगने के लिए कौन-कौन सी परिस्थितियाँ आवश्यक हैं?
उत्तर: ऑक्सीजन (वायु) तथा नमी (जल) दोनों की उपस्थिति आवश्यक होती है।
9. विकृतगंधिता (Rancidity) क्या है? इसे कैसे रोका जा सकता है?
उत्तर: तेल एवं वसा के ऑक्सीकरण के कारण खराब गंध और स्वाद आना विकृतगंधिता कहलाता है। इसे वायुरुद्ध पैकिंग, प्रशीतन तथा एंटीऑक्सीडेंट के उपयोग से रोका जा सकता है।
10. द्रव्यमान संरक्षण का नियम क्या कहता है?
उत्तर: किसी रासायनिक अभिक्रिया में कुल द्रव्यमान न तो उत्पन्न होता है और न ही नष्ट होता है।
11. अवक्षेपण अभिक्रिया किसे कहते हैं?
उत्तर: वह अभिक्रिया जिसमें दो विलयनों को मिलाने पर अघुलनशील ठोस (अवक्षेप) बनता है।
12. ऊष्माक्षेपी तथा ऊष्माशोषी अभिक्रिया में क्या अंतर है?
उत्तर: ऊष्माक्षेपी अभिक्रिया में ऊष्मा निकलती है, जबकि ऊष्माशोषी अभिक्रिया में ऊष्मा अवशोषित होती है।
13. संतुलित रासायनिक समीकरण में गुणांक (Coefficient) बदलते हैं या सूत्र?
उत्तर: केवल गुणांक बदले जाते हैं, रासायनिक सूत्र नहीं।
14. रासायनिक समीकरण में अभिकारक और उत्पाद किसे कहते हैं?
उत्तर: अभिक्रिया में भाग लेने वाले पदार्थ अभिकारक तथा बनने वाले नए पदार्थ उत्पाद कहलाते हैं।
15. रासायनिक समीकरण में भौतिक अवस्थाएँ (s), (l), (g) और (aq) क्या दर्शाती हैं?
उत्तर:
- (s) = ठोस
- (l) = द्रव
- (g) = गैस
- (aq) = जलीय विलयन
🏁 निष्कर्ष
रासायनिक अभिक्रिया एवं समीकरण अध्याय रसायन विज्ञान की आधारशिला है। यह अध्याय हमें रासायनिक परिवर्तनों की पहचान करना, रासायनिक समीकरण लिखना, उन्हें संतुलित करना तथा विभिन्न प्रकार की अभिक्रियाओं—जैसे संयोजन, अपघटन, विस्थापन, द्विविस्थापन, ऑक्सीकरण, अपचयन और रेडॉक्स अभिक्रिया—को समझना सिखाता है। साथ ही लोहे पर जंग लगना और विकृतगंधिता (Rancidity) जैसे दैनिक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से रसायन विज्ञान को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर मिलता है। यदि विद्यार्थी इस अध्याय के सिद्धांत, संकेत, अभिक्रियाओं के प्रकार तथा संतुलित रासायनिक समीकरण लिखने का नियमित अभ्यास करें, तो वे बोर्ड परीक्षा, Olympiad, Foundation, तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में इस अध्याय से पूछे जाने वाले अधिकांश प्रश्नों को आत्मविश्वास के साथ हल कर सकते हैं।




